Webdunia: Portal - Search - Mail - Greetings   More >>
Support | Font Download | Feedback
Search  
Welcome, Guest  [ Register | Sign In ]

पोस्टर के जरिए 'किसान' अमिताभ की खिल्ली उड़ाई एमएनएस ने

एमएनएस ने एक बार फिर से अभिनेता अमिताभ बच्चन पर हमला किया है। पार्टी ने इस बार पोस्टर के जरिये उन पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा है। पुणे में खेती की जमीन दान करने के फैसले से पीछे हटने के लिये उनकी खिल्ली उड़ाई गई है। हालांकि इस पोस्टर में बिग बी के नाम का जिक्र नहीं किया गया है लेकिन उन पर किया गया व्यंग्य बेहद साफ है। मराठी में लिखे बड़े पोस्टर पर एक व्यक्ति को उकेरा गया है जो कह रहा है ' माझे दान परत करा ' यानी मेरा दान वापस करो। नीचे की ओर लिखा है 'सुपरस्टार शेतकरी' यानी सुपरस्टार किसान।

ये कार्टून पोस्टर बुधवार रात दादर में लगाए गए, हालांकि सुबह पोस्टर गायब थे। एमएनएस का दावा है कि पुलिस ने पोस्टर हटा दिए हैं। पोस्टरों पर टिप्पणी करते हुए एमएनएस के प्रवक्ता ने इस बात को खारिज किया है कि पार्टी बिग बी का मजाक उड़ा रही थी। प्रवक्ता ने कहा 'यह सिर्फ हमारी खुशी जाहिर करने के लिये था कि अगर एक महानायक किसान बन जाता है तो यह किसानों के लिये बेहतर और ग्लैमर से भरे दिनों को दर्शाता है।'

अमिताभ बच्चन ने पहले यह फैसला किया था कि पुणे में खरीदी खेती की जमीन को वे किसानों को दान कर देंगे। लेकिन बाद में मावल तालुका के अधिकारी को भेजे एक पत्र में उन्होंने कहा कि वे अब बिना किसी शर्त के अपने उस फैसले को वापस लेना चाहते हैं जिसमें उन्होंने वास्तविक मालिकों को उनकी भूमि दान करने की बात कही थी।

यह दूसरी बार हुआ है जब बिग बी एमएनएस का निशाना बने हैं। एमएनएस ने पहली बार अमिताभ बच्चन को तब निशाना बनाया था जब पिछले महीने हुए एक कार्यक्रम में पार्टी नेता राज ठाकरे ने बच्चन पर महाराष्ट्र की बजाय अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश के प्रति अधिक निष्ठा रखने का आरोप लगाया था।
अस्वीकरण