Webdunia: Portal - Search - Mail - Greetings   More >>
Support | Font Download | Feedback
Search  
Welcome, Guest  [ Register | Sign In ]

गाड़ियां हुईं टच, मैडमों ने उतरकर की ढिशुम-ढिशुम

नई दिल्लीः राजधानी की सड़कों पर अब पुरुषों के बीच ही नहीं, बल्कि महिलाओं के बीच भी रोड रेज में हिंसक घटनाएं होने लगी हैं। रोड रेज की इस ताजातरीन घटना में कुल पांच महिलाएं शामिल रहीं, जबकि पुरुष महज एक ही था। महिलाओं में ओवरस्पीडिंग, कार में टक्कर, गाड़ी से खींचकर दूसरी पार्टी को बाहर निकालना, मारपीट, कपड़े फटना, जख्मी हालत में हॉस्पिटल में भर्ती, पुलिस एक्शन आदि वह सब हो गया, जिसे अब तक दिल्ली के पुरुष करते रहे हैं।

यह वारदात मंगलवार रात नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में रोहिणी जेल के पास हुई। भीकाजी कामा प्लेस में इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के एमडी सुनील बस्सी और जीएम दिव्या मारुति एसएक्सफोर में सवार थे। दिव्या (30) ढाई महीने की गर्भवती हैं। गाड़ी दिव्या ड्राइव कर रही थी। वह सुनील को ड्रॉप करने जा रही थी। टाटा इंडिगो में दो युवतियां और उन दोनों की मां सवार थी। सुषमा बेनीवाल (22), उनकी मां कमला, रचना पांडे (23) और उनकी मां विद्या इंडिगो में थी। ये चारों पीतमपुरा से रोहिणी स्थित अपने घर जा रही थीं। यह कार रचना ड्राइव कर रही थीं।

प्रशांत विहार चौक से आगे निकलते ही इंडिगो ने एसएक्सफोर को ओवरटेक किया। इस दौरान दोनों गाडि़यां टच हो गईं। इंडिगो को एसएक्सफोर के आगे लगाकर रचना ने कार रोक दी। दोनों पार्टियां अपनी-अपनी कारों से बाहर निकल आईं। पहले कहासुनी हुई और इससे भी बात नहीं बनी तो मारपीट शुरू हुई। रचना और सुषमा ने फोन कर अपने अंकल सतीश को मौके पर बुलाया। पुलिस के मुताबिक सतीश ने भी दिव्या और सुनील से मारपीट की। सरेआम सड़क पर हो रही मारपीट को देखकर किसी ने पुलिस को कॉल कर दिया। पुलिस दोनों पार्टियों को पकड़कर प्रशांत विहार थाने ले गई। दिव्या को खासी चोटें लगी हुई थीं। उसे आंबेडकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

दूसरी ओर, सुषमा का इल्जाम था कि एसएक्सफोर में दिव्या के अलावा चार युवक थे। कथित तौर पर उन्होंने सुषमा से छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ डाले। सुषमा के कपड़े फटे हुए थे। वह थाने में रो भी रही थी। दूसरी पार्टी ने इस इल्जाम को झूठा बताते हुए सुषमा पर खुद अपने कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहकीकात के बाद रचना के खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 279 के तहत खतरनाक ड्राइविंग का केस दर्ज किया। इसके अलावा, उनकी इंडिगो कार जब्त कर सुषमा, कमला, रचना और विद्या के खिलाफ 323 (मारपीट), 341 (गैर कानूनी तरीके से किसी को बंधक बनाना) और 34 (कॉमन इंटेशन) के तहत केस दर्जकर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। सतीश (निवासी खरखौदा) को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया गया। अडिशनल एसएचओ रजनी सरोहा ने बताया कि तहकीकात के बाद सही कानूनी कार्रवाई की गई है। जमानती धाराओं की वजह से चारों को थाने से ही बेल दे दी गई।

अस्वीकरण