Webdunia: Portal - Search - Mail - Greetings   More >>
Support | Font Download | Feedback
Search  
Welcome, Guest  [ Register | Sign In ]

रानी विक्टोरिया का भारतीय नौकर से अफेयर था

लंदनः ब्रिटेन की पूर्व महारानी विक्टोरिया अपनी पब्लिक इमेज के विपरीत एक मदहोश, रोमांटिक और राजनीतिक चालबाजियों से लबरेज शख्सियत की मल्लिका थीं। उनका न सिर्फ अपने दो प्रधानमंत्रियों के साथ अफेयर था, बल्कि वह अपने यहां काम करने वाले एक भारतीय नौकर को भी दिल दे बैठी थीं।

ब्रिटिश अखबार 'डेली मेल' ने एक फिल्म के हवाले से दावा किया है कि एक दौर था जब मर्द, रोमांस और सेक्स के ख्याल महारानी के सिर चढ़ बोलते थे। राजशाही की तमाम अदबों और बंदिशों के बीच उनकी दिलफेंक अदाएं चोरी-छिपे कई गुल खिला रही थीं। महारानी विक्टोरिया के एक हैंडसम कर्मचारी अब्दुल करीम और दो प्रधानमंत्रियों लॉर्ड मेलबर्न और बेंजमिन डिजरेली के साथ रूमानी संबंध थे।

इस रहस्य से पर्दा उठाने वाली फिल्म अगले हफ्ते 'चैनल 4' पर प्रसारित होगी। फिल्म के मुताबिक महारानी अब्दुल करीम से बेहद प्रभावित थीं। जब वह हिंदुस्तान की महारानी बनीं, तो उन्होंने करीम से हिंदी और हिंदुस्तानी तहजीब सिखाने की गुजारिश की थी। महारानी ने करीम के बारे में लिखा है, वह बेहद कड़े मास्टर और सज्जन व्यक्ति थे। फिल्म में इस बात का खुलासा किया गया है कि महारानी ने यह फरमान सुना रखा था कि करीम के साथ उनके सलाहकारों और अन्य दरबारियों जैसा व्यवहार किया जाए। जो ऐसा नहीं करेगा उसे नस्लवाद का दोषी माना जाएगा।

तमाम रूमानी रिश्तों के बीच आखिरकार महारानी ने जीवनसाथी चुना अपने कजिन प्रिंस अल्बर्ट को, जिन्हें उन्होंने चार दिन के रोमांस के बाद ही प्रपोज कर डाला। प्रिंस अल्बर्ट से विवाह के बाद विक्टोरिया ने लार्ड मेलबर्न को अपनी सुहागरात का ब्यौरा एक सांस में लिख डाला। विक्टोरिया ने लिखा, गजब का अनुभव था वह। मैंने इस तरह की शाम पहले कभी नहीं बिताई थी। उनके जबर्दस्त प्यार और लगाव ने मुझे स्वर्गिक अनुभूति और खुशी दी। उन्होंने मुझे अपनी बाहों में जकड़ा और बार-बार चूमा..'

प्रधानमंत्री लार्ड मेलबर्न अक्सर युवा रानी को सलाह दिया करते थे। रानी का मेलबर्न के साथ यह पहला 'स्कैंडल' था। धीरे-धीरे दोनों के बीच इश्क परवान चढ़ा। बाद में जब रानी प्रिंस अल्बर्ट की ओर मुखातिब हुईं तब मेलबर्न को किनारे कर दिया। विक्टोरिया की उम्र जब 40 साल थी, अल्बर्ट टाइफाइड की चपेट में आकर चल बसे और विक्टोरिया गहरे शोक में जा डूबीं। फिर जल्द ही वह बेंजमिन डिजरेली की ओर आकर्षित हो गईं।

महारानी के संबंध ब्रिटिश कर्मचारी जॉन ब्राउन के साथ भी थे। जब विक्टोरिया की मौत हुई तो उनके सख्त निर्देश के कारण उन्हें शादी की पोशाक में दफनाया गया और उनके साथ जॉन ब्राउन की तस्वीर भी दफन की गई। हाल ही में इस बात का खुलासा हुआ है कि जब महारानी को दफनाया गया तो उनकी उंगली में ब्राउन की मां द्वारा दी गई शादी की अगूंठी भी थी। इससे इस तरह के अफवाह को बढ़ावा मिला कि दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी।
अस्वीकरण