Webdunia: Portal - Search - Mail - Greetings   More >>
Support | Font Download | Feedback
Search  
Welcome, Guest  [ Register | Sign In ]

क्रिकेट के साथ हो रहा है बलात्कार: बेदी

नई दिल्लीः भारत के सर्वकालीन महान लेफ्ट आर्म स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) पर निशाना साधते हुए कहा कि मनोरंजन के नाम पर क्रिकेट के साथ सामूहिक बलात्कार हो रहा है। उन्होंने कहा,' क्रिकेट के इस पतन के लिए खेल प्रशासक, क्रिकेटर और फ्रेंचाइजी के अलावा मीडिया और दर्शक भी जिम्मेदार हैं। मुझे यह कहते हुए काफी दुख हो रहा है कि ये सभी लोग मिलकर क्रिकेट से बलात्कार कर रहे हैं और हम समझते हैं कि यह मनोरंजन है।' गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने क्रिकेट को अधिक मनोरंजक और लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से आईपीएल की शुरूआत की है।

बेदी ने आईपीएल की वजह से क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता के बारे में पूछे जाने पर कहा कि क्रिकेट तो अब रसातल में पहुंच गया है। उन्होंने कहा, 'हो सकता है कि यह लोकप्रिय हो रहा हो क्योंकि लोग एक भीड़ की तरह व्यवहार करते हैं। लोग आंखों के सामने आने वाली हरेक नई चीज के पीछे पड़ जाते हैं, चाहे उसमें कोई दम हो या न हो।'

जब बेदी से यह पूछा गया कि कि वह बीसीसीआई को क्रिकेट मामलों पर सलाह क्यों नहीं देते तो उन्होंने कहा, 'मुझे तो उनके साथ जुड़ने का तरीका ही नहीं मालूम है। यहां पर तो इसके आकाओं की 'पूजा' करने वाले लोगों को ही उनका वरदान मिल पाता है। बीसीसीआई भी एक वोट बैंक की तरह काम करता है। जो कोई भी बीसीसीआई अधिकारियों के खिलाफ आपत्ति करता है उसे जड़ से ही उखाड़ फेंका जाता है।' गौरतलब है कि भारतीय टीम का कप्तान और मैनेजर रहते समय बेदी के बोर्ड के साथ रिश्ते कभी भी मधुर नहीं रहे थे।

यह पूछे जाने पर कि वह आज के दौर का सच्चा खिलाड़ी किसे मानते हैं तो बेदी ने वर्ल्ड शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद का नाम लेते हुए कहा, 'मैंने उनकी तरह का बढ़िया इंसान और खिलाड़ी नहीं देखा है। वह बेहद विनम्र आदमी हैं। हालांकि वह काफी धनी हैं फिर भी वह जमीन से बेहद जुडे़ हुए हैं। मैं तो उनके खेल का मुरीद हूं।' बेदी ने 1970 के दशक की भारतीय टीम के कप्तान के रूप में अपने प्रदर्शन को बढ़िया बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी तरह से सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया था और इस सिलसिले में उनकी आलोचना अनुचित है।
अस्वीकरण