गुड़गांव : राम गोपाल वर्मा की फिल्म सरकार राज के प्रमोशन के लिए सोमवार की रात गुड़गांव के एक मॉल पहुंचे अमिताभ बच्चन लोगों का स्वागत देखकर भावुक हो गए। उनके साथ बेटा अभिषेक बच्चन और बहू ऐश्वर्या भी थीं। यह पहला मौका है जब ये तीनों अभी - ऐश की शादी के बाद किसी फिल्म में एक साथ नजर आएंगे। प्रमोशन के लिए आए बिग बी ने लोगों से रूबरू होते वक्त दिल्ली से जुड़ी यादें ताजा कीं।
अमिताभ ने कहा कि दिल्ली और गुड़गांव के लोगों ने उन्हें हमेशा प्यार दिया है। दिल्ली मेरे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि यहां से मैंने ग्रेजुएशन किया है और इसी शहर में मेरा पुराना घर भी है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि मैं पचास साल बाद नैनीताल के शेरवुड स्कूल फाउंडर्स वीक के मौके पर जा रहा हूं , जहां मैंने स्कूली शिक्षा पाई थी। इस मौके पर अमिताभ ने पुराने साथी और अब नाराज चल रहे शत्रुघ्न सिन्हा पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सिन्हा बुजुर्ग हैं और उन्हें बचपन में सिखाया गया है कि बुजुर्ग लोगों से बहस नहीं करनी चाहिए।
बीग बी के परिवार के साथ सरकार राज के प्रोड्यूसर - डाइरेक्टर रामगोपाल वर्मा भी पहुंचे थे। इन लोगों को स्वागत करने के लिए गुड़गांव के सबसे बड़े मॉल में हजारों की भीड़ जमा थी। अपने हालिया शगल ब्लॉगिंग के बारे में बात करते हुए अमिताभ ने बताया कि वह अपने ब्लॉग को रोजाना अपडेट करते हैं और अपने फैंस के साथ - साथ आलोचकों का भी जवाब देते हैं। अभिषेक और ऐश ने अमिताभ के साथ कजरारे के बाद अपने इस एक्सपीरियंस को यादगार बताया।
इसके अलावा बिग बी ने यह भी बताया कि वह 18 जुलाई से वर्ल्ड टूर पर जा रहे हैं। लगभग डेढ़ महीने के वर्ल्ड टूर में उनके साथ अभिषेक और ऐश्वर्या के अलावा प्रीति जिंटा और रितेश देशमुख भी होंगे। कुछ शहरों में अक्षय कुमार , माधुरी दीक्षित और शिल्पा शेट्टी भी उनके साथ रहेंगे। बिग बी शाहिद कपूर को भी अपने साथ इस वर्ल्ड टूर पर ले जाना चाहते हैं , लेकिन अभी शूटिंग की डेट्स फिक्स होने की वजह से उनका जाना तय नहीं है।

लोड हो रहा है...
प्रतिक्रियाएँ